केबिन में फंसे खलासी को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण खलासी को बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी। बचाव दल ने पहले उसे सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन केबिन की स्थिति ऐसी थी कि रास्ता नहीं बन पा रहा था।
इसके बाद गैस कटर की मदद से केबिन के हिस्सों को काटकर रास्ता बनाया गया। काफी मशक्कत के बाद खलासी को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। यूपीडा के गश्ती दल अधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि दोनों ट्रेलर गोरखपुर की तरफ जा रहे थे।
पीछे चल रहे ट्रेलर ने आगे चल रहे वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेलर के केबिन में फंसे खलासी मोनू पठान की मौत हो गई। अतरौलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसा पीछे से आ रहे ट्रेलर की टक्कर के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चालकों का पता लगाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।