दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से घेरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन केमिकल ड्रमों में लगातार हो रहे धमाकों और जहरीली गंध के कारण राहत कार्य में मुश्किलें आने लगीं। ब्रीदिंग सेट पहनने के बावजूद दमकलकर्मी फैक्टरी के भीतर दाखिल नहीं हो पा रहे थे। रात तक दो दर्जन से अधिक दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे थे।
सूचना पर महाराजपुर, नरवल और चकेरी समेत पूरे सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सीएफओ दीपक शर्मा ने घटनास्थल पहुंचकर मोर्चा संभाला। रात करीब 10 बजे एडीसीपी शिवा सिंह और डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भी पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। करीब 10:05 बजे एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला।
एहतियात के तौर पर पीएसी की एक प्लाटून भी तैनात कर दी गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे। रात 12 बजे तक आग बुझाने का प्रयास जारी था, लेकिन लपटें थमने का नाम नहीं ले रही थीं। फैक्टरी में केमिकल होने और लगातार धमाकों के चलते पुलिस-प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली कराने का फैसला लिया।
फैक्टरी से करीब एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। आसपास के गांवों में भी पुलिस ने लोगों को घरों से बाहर निकलवाया। फैक्टरी के पास स्थित केआईटी के हॉस्टल को खाली करा लिया गया। आसपास की फैक्टरियों में काम रुकवाकर कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।
आग बुझाने के दौरान केमिकल की तेज गंध फैलने पर घटनास्थल के पास मौजूद लोगों को भी करीब 100 मीटर दूर कर दिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके में आवाजाही रोक दी, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। छतों पर चढ़कर बनाते रहे आग के वीडियो फैक्टरी में आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। बड़ी संख्या में लोग घरों और आसपास की इमारतों की छतों पर चढ़ गए। कोई मोबाइल से आग का वीडियो बनाने लगा तो कोई धमाकों के बीच उठती लपटों को देखकर सहम गया। देखते ही देखते अग्निकांड के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।
पुलिस लगातार लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत देती रही। भीड़ जुटने से बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने लोगों को पीछे हटाया।