रेड कार्ड के बाद बदला मैच का रुख दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए। मुकाबले का निर्णायक मोड़ 59वें मिनट में आया, जब पाकिस्तान के खिलाड़ी जुनैद शाह को ब्रिसन फर्नांडिस पर खतरनाक टैकल करने के कारण सीधे रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई।
भारत ने इस संख्यात्मक बढ़त का फायदा उठाने में देर नहीं की। अगले ही मिनट यानी 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। ल्हुंगडिम खैमिनथांग ने फ्री-किक के जरिए गेंद बॉक्स में पहुंचाई। मैकार्टन निक्सन के हल्के टच के बाद गेंद सुहैल भट के पास पहुंची, जिन्होंने शानदार तरीके से गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।
88वें मिनट में संदीप नंदी ने दिलाई जीत बराबरी का गोल खाने और एक खिलाड़ी कम होने के बाद पाकिस्तान के मुख्य कोच ने कई बदलाव किए। 64वें मिनट में अलमगीर गाजी और अब्दुल्ला इकबाल को मैदान से बाहर बुला लिया गया। हालांकि, भारतीय टीम ने अपना दबाव बनाए रखा। मुकाबले के 88वें मिनट में संदीप नंदी ने शानदार गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
यही गोल निर्णायक साबित हुआ और भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत ने पूरी की खिताबी जीत की हैट्रिक पाकिस्तान को हराने के साथ ही भारत ने सैफ चैंपियनशिप में अपना 10वां खिताब जीत लिया। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बनी हुई है।
इसके अलावा लगातार तीसरी बार चैंपियन बनकर भारत ने खिताबी जीत की हैट्रिक भी पूरी कर ली। दूसरे दर्जे की टीम के साथ टूर्नामेंट में उतरने के बावजूद भारत की यह जीत बेहद खास रही। चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में पिछड़ने के बाद वापसी करना और आखिरी समय में निर्णायक गोल दागना भारतीय टीम के जज्बे को दर्शाता है।