पहला हेलमेट, टीम इंडिया की जर्सी और विदाई भाषण के नोट्स भी मौजूद बल्लों के साथ सचिन के करियर से जुड़ी कई अन्य यादगार वस्तुओं को भी प्रदर्शित किया गया है। इनमें उनका पहला हेलमेट, मुंबई रणजी ट्रॉफी की जर्सी, 200वें और आखिरी टेस्ट मैच के दौरान पहनी गई भारतीय टीम की जर्सी और हेलमेट शामिल हैं।

इसके अलावा वांखेडे स्टेडियम में अपने विदाई भाषण के दौरान सचिन ने जिस कागज को देखकर अपनी बात रखी थी, उसे भी यहां सहेजकर रखा गया है। सचिन बोले- 24 साल तक 22 गज की पिच ही मेरी दुनिया रही इस मौके पर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि 24 साल तक उनका जीवन 22 गज की पिच के इर्द-गिर्द घूमता रहा और इस पूरे सफर में उनके बल्ले हमेशा उनके साथ रहे।

उन्हें लगता था कि बल्ले उनके हाथों का ही विस्तार हैं। हर बल्ला उनके करियर के किसी खास दौर, ड्रेसिंग रूम, पिच या दर्शकों की आवाज से जुड़ी यादें ताजा करता है। उन्होंने कहा कि 1978 में अपनी पहली बैट उठाने से लेकर वांखेडे में अपनी आखिरी अंतरराष्ट्रीय पारी खेलने तक का सफर अनगिनत यादों से भरा है।

इन बल्लों को उसी वांखेडे स्टेडियम में एक साथ देखना उनके लिए बेहद खास है, जहां से उनकी कई यादें जुड़ी हैं। उन्होंने इस पहल के लिए एमसीए और उसके अध्यक्ष अजिंक्य नाइक का आभार भी जताया। एमसीए अध्यक्ष बोले- आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी यह पहल मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक क्रिकेटर को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक ऐसी शख्सियत के सम्मान का प्रतीक है, जिसने मुंबई और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने बताया कि भारत के पहले म्यूजियम और स्टेडियम टूर की शुरुआत के एक साल के भीतर 23 हजार से अधिक लोग एमसीए म्यूजियम और वांखेडे स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं। अब 'बैटोग्राफी' के जुड़ने से क्रिकेट प्रेमियों और नई पीढ़ी के लोगों को सचिन के जीवन और उपलब्धियों को करीब से जानने का एक और अवसर मिलेगा।

16 नवंबर की तारीख सचिन के लिए क्यों है खास? 16 नवंबर की तारीख सचिन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर में बेहद खास महत्व रखती है। इसी दिन साल 2013 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वांखेडे स्टेडियम में अपना 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।

वहीं, 27 नवंबर 1983 को इसी मैदान पर महज 10 साल के सचिन पहली बार टेस्ट मैच देखने पहुंचे थे। इस मुकाबले में उन्होंने अपने आदर्श विवियन रिचर्ड्स को शतक लगाते हुए देखा था। ऐसे में वांखेडे स्टेडियम से उनका रिश्ता बचपन से लेकर विदाई तक बेहद खास रहा है। 22 नवंबर तक उपलब्ध हैं टिकट 'बैटोग्राफी' के उद्घाटन के बाद एमसीए की ओर से सचिन तेंदुलकर के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया।

इसके बाद सचिन के साथ एक खास बातचीत का सत्र भी हुआ, जिसमें उनके परिवार के सदस्यों, एमसीए एपेक्स काउंसिल के प्रतिनिधियों, म्यूजियम टीम और मीडिया के लोग शामिल हुए। एमसीए शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम में मुंबई और भारतीय क्रिकेट के अलग-अलग दौर और दिग्गज खिलाड़ियों को समर्पित 20 से अधिक सेक्शन हैं।

यहां बल्ले, गेंद, जर्सी, ब्लेजर, ग्लव्स, स्टंप और तस्वीरों सहित कई ऐतिहासिक वस्तुएं रखी गई हैं। म्यूजियम में क्विज रूम और ऑडियो-विजुअल रूम जैसी इंटरैक्टिव सुविधाएं भी मौजूद हैं। एमसीए ने अक्तूबर 2025 में भारत का पहला म्यूजियम और स्टेडियम टूर शुरू किया था।

अब इस टूर में ‘बैटोग्राफी’ को भी शामिल कर लिया गया है। म्यूजियम और स्टेडियम टूर के टिकट 17 से 22 नवंबर 2026 तक के लिए डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।