अगर आप भी अपनी बचत को सुरक्षित जगह निवेश करके उस पर तय ब्याज पाना चाहते हैं, तो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) एक ऑप्शन हो सकता है. बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच कई लोग ऐसे निवेश की तलाश करते हैं, जहां रिटर्न पहले से तय हो. आमतौर पर लोग FD कराने के लिए SBI, HDFC और ICICI जैसे बड़े बैंकों को प्राथमिकता देते हैं. लेकिन ऐसा करने पर आप छोटे फाइनेंस बैंकों की ओर से दी जा रही ज्यादा ब्याज दरों पर ध्यान नहीं दे पाते.

15 नवंबर 2026 तक पैसाबजार के आंकड़ों के मुताबिक, कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक आम ग्राहकों को FD पर 8.25% तक सालाना ब्याज दे रहे हैं. इनमें सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक सबसे आगे है. वहीं, उज्जीवन और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक भी 8% से ज्यादा ब्याज की पेशकश कर रहे हैं.

कौन-से छोटे बैंक दे रहे हैं सबसे ज्यादा ब्याज?

पैसाबाजार के आंकड़ों के मुताबिक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक FD पर अधिकतम 8.25% ब्याज दे रहा है. वहीं, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में यह दर 8.10% और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में 8.1% तक है. ये दरें चुनिंदा अवधि की FD पर लागू होती हैं. वरिष्ठ नागरिकों को कुछ मामलों में इससे ज्यादा ब्याज मिल सकता है.

बड़े बैंकों की FD पर कितना ब्याज?

बड़े निजी बैंकों की अधिकतम FD दरें इन छोटे बैंकों के मुकाबले काफी कम हैं. कोटक महिंद्रा बैंक 6.80%, HDFC बैंक और एक्सिस बैंक 6.60% तक ब्याज दे रहे हैं. ICICI बैंक की अधिकतम दर भी करीब 6.60% बताई गई है. सरकारी बैंकों में बैंक ऑफ इंडिया की 500 दिन की विशेष FD पर 6.85%, जबकि SBI की कुछ अवधि वाली FD पर 6.45% तक ब्याज मिल रहा है.

पोस्ट ऑफिस की योजनाओं से मुकाबला

पांच साल के निवेश के लिए पोस्ट ऑफिस की NSC पर 7.70% और पांच साल की टाइम डिपॉजिट पर 7.50% ब्याज मिलता है. इसके मुकाबले सूर्योदय बैंक की बताई गई अधिकतम FD दर 8.25% है. हालांकि, इन ऑप्शनों की अवधि और नियम अलग-अलग हो सकते हैं.

धोनी का बिजनेस सीक्रेट, बिना शोर मचाए कैसे खड़ा किया 1000 करोड़ का साम्राज्य?