अलीगढ़ जिले में कभी करीब 12 हजार तालाब और दूसरे जलस्रोत होने का दावा किया गया है, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर 400 से 450 रह जाने की बात सामने आई है। जलस्रोतों के गायब होने और भूजल स्तर गिरने के इस मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने संज्ञान लिया है।
अधिकरण ने जिलाधिकारी अलीगढ़ समेत चार सरकारी एजेंसियों की संयुक्त समिति गठित कर जलस्रोतों की वास्तविक स्थिति की जांच करने और पर्यावरणीय उल्लंघन मिलने पर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। समिति को तीन महीने में रिपोर्ट देनी होगी। यह मामला डॉ. एम. सलाहुद्दीन की ओर से एनजीटी को भेजी गई शिकायत से सामने आया है।
शिकायत में कहा गया है कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 1960-65 के दौरान अलीगढ़ जिले में अलग-अलग आकार के करीब 12 हजार जलस्रोत थे। अब इनमें से केवल 400 से 450 ही बचे हैं। इनमें भी कई सूख चुके हैं या गायब हो गए हैं। याचिकाकर्ता ने जलस्रोतों के खत्म होने को भूजल स्तर गिरने की प्रमुख वजह बताया है।
एनजीटी ने 16 नवंबर को सुनवाई के बाद मामले में तथ्यात्मक स्थिति की जांच जरूरी मानी। एएमयू का बड़ा जलस्रोत 40 साल से सूखा होने का दावा शिकायत में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बॉटनिकल गार्डन के आसपास स्थित जिले के सबसे बड़े जलस्रोत का भी उल्लेख किया गया है।
याचिकाकर्ता के मुताबिक, यह जलस्रोत पिछले करीब 40 साल से सूखा पड़ा है। आरोप है कि जिला और विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण इसे पुनर्जीवित करने के प्रयास नहीं किए गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मध्यम आकार के पांच-छह जलस्रोतों को फिर से जीवित करने से भूजल स्तर सुधारने में मदद मिल सकती है।
हालांकि, इन दावों की पुष्टि एनजीटी की ओर से गठित समिति की जांच में होगी।