ट्रेविस हेड आईपीएल 2027 से बाहर, SRH को बड़ा झटका सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस मामले में एक बड़ी खबर सामने आई है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए आईपीएल 2027 से हटने का फैसला किया है।

उन्होंने इसकी जानकारी फ्रेंचाइजी को दे दी है। यह सनराइजर्स के लिए बड़ा झटका है। हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पिछले कुछ सीजन में आईपीएल में आक्रामक बल्लेबाजी की नई पहचान बनाई है। दोनों ने मिलकर 42 पारियों में 1892 रन जोड़े हैं। उनकी साझेदारी का रन रेट 12.27 प्रति ओवर रहा है, जो कम से कम 1000 रन बनाने वाली जोड़ियों में आईपीएल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ है।

हेड को सनराइजर्स ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। अब उनके हटने से फ्रेंचाइजी की नीलामी राशि में इतनी ही रकम जुड़ जाएगी। हालांकि, इसके लिए बीसीसीआई की ओर से रिलीज को मंजूरी मिलना जरूरी है। पैट कमिंस पर भी फैसला लेना आसान नहीं सनराइजर्स के सामने दूसरा बड़ा सवाल कप्तान पैट कमिंस को लेकर है।

कमिंस भी ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के कारण आईपीएल 2027 के लिए पूरी तरह उपलब्ध नहीं रह सकते हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी को उनकी उपलब्धता और टीम में उनकी भूमिका को ध्यान में रखकर फैसला करना होगा। कमिंस को सनराइजर्स ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

वह टीम के कप्तान होने के साथ-साथ गेंदबाजी आक्रमण के अहम सदस्य भी हैं। अगर उनकी उपलब्धता पर अनिश्चितता रहती है तो फ्रेंचाइजी के लिए उन्हें रिटेन करना बड़ा फैसला होगा। हालांकि, हेड और कमिंस की स्थिति फिलहाल एक जैसी नहीं है। हेड के आईपीएल 2027 से हटने की खबर सामने आ चुकी है, जबकि कमिंस की उपलब्धता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि कमिंस को रिटेन किया जा सकता है। हालांकि, ईशान किशन उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभालेंगे। स्टार्क पर भी दिल्ली कैपिटल्स ले सकती है बड़ा फैसला सिर्फ सनराइजर्स ही नहीं, दिल्ली कैपिटल्स के सामने भी विदेशी खिलाड़ियों को लेकर मुश्किल हो सकती है।

मिचेल स्टार्क को लेकर फ्रेंचाइजी रिलीज का फैसला कर सकती है। उनकी उपलब्धता को लेकर चिंता है। वहीं, पिछले सीजन के प्रदर्शन के आधार पर आकिब नबी को लेकर भी टीम विचार कर सकती है। दिल्ली के लिए स्टार्क जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज को छोड़ना आसान नहीं होगा, लेकिन अगर वह पूरे सीजन उपलब्ध नहीं रहते हैं तो टीम दूसरे विकल्प तलाश सकती है।

अश्विन ने हेड को लेकर दिया दिलचस्प सुझाव पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ट्रेविस हेड की संभावित रिलीज को लेकर एक दिलचस्प पहलू सामने रखा है। उनका मानना है कि कोई फ्रेंचाइजी हेड को कम कीमत पर खरीदकर अगले सीजन के लिए अपने साथ बनाए रख सकती है। अश्विन ने कहा, 'अगर वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण ट्रेविस हेड जैसे खिलाड़ी को रिलीज किया जाता है, तो कोई टीम उन्हें कम कीमत पर खरीदकर अगले साइकिल के लिए अपने साथ रख सकती है।

वह 32 साल के हैं और एक खिलाड़ी तथा लीडर के तौर पर उनमें काफी संभावनाएं हैं।' कुल मिलाकर, आईपीएल 2027 की रिटेंशन प्रक्रिया में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता बड़ा मुद्दा बनने वाली है। हेड का बाहर होना इसकी शुरुआत हो सकती है। अब देखना होगा कि कमिंस, स्टार्क और दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर फ्रेंचाइजी क्या फैसला करती हैं।