मानवेंद्र हत्याकांड के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए हर प्रयास कर रहे हैं। एनकाउंटर की आशंका पर शातिर प्रदेश छोड़कर फरार है। इनमें से एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी डाल दी है। प्रकरण में सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख लगी है।

पुलिस ने अब न्यायालय परिसर में भी आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है। गौरतलब है कि 11 नवंबर की रात को मानवेंद्र की घर के पास ही दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उसका दोस्त समीर भी घायल हो गया था तथा फुफेरा भाई बाल-बाल बचा था। पुलिस ने हत्या व जानलेवा हमले में मौसा गीतेंद्र, खगेंद्र के बेटे कृष्णा व गोपाल तथा प्रवेश के बेटे कौशल व सुमित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

अब आरोपी कौशल की ओर से सरेंडर के लिए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। इसके साथ ही सात दिनों से खाली हाथ बैठी पुलिस ने अब न्यायालय परिसर में आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी है। कौशल के सरेंडर के बाद अन्य आरोपियों के सरेंडर होने की आशंका है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। आत्मसमर्पण के प्रयास की जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी