शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पाचन का ठीक रहना सबसे जरूरी माना जाता है। हम रोजाना जो कुछ भी खाते-पीते हैं या फिर दिनभर की जैसी दिनचर्या होती है, इन सबका पाचन तंत्र पर सीधा असर होता है। भोजन ठीक से न पचने से शरीर में पोषक तत्वों का अवशोषण बाधित हो सकता है, जिससे आपके शरीर में विटामिन, मिनरल्स और जरूरी तत्वों की कमी हो सकती है।

इसके अलावा कमजोरी और थकान की समस्याओं से भी बचे रहने के लिए पाचन का ठीक रहना जरूरी माना जाता है। मसलन शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पाचन तंत्र को ठीक रखने पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। पर सबसे बड़ा सवाल ये है कि पाचन तंत्र को ठीक कैसे रखा जा सकता है? इसके लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए?

पाचन को दुरुस्त रखने का फार्मूला स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, पाचन को ठीक रखने के लिए डाइट और लाइफस्टाइल दोनों में सुधार करना बहुत जरूरी माना जाता है। खानपान में कुछ सामान्य से बदलाव करके भी पाचन तंत्र को लाभ मिल सकता है। कई अध्ययनों में पाचन को दुरुस्त रखने के लिए 3F फॉर्मूला अपनाने की सलाह दी जाती है।

3F का मतलब है- फाइबर, फर्मेंटेड फूड्सऔर फास्टिंग। इन तीनों की मदद सेआंतों की सेहत को बेहतर बनाने और पाचन तंत्र को सही तरीके से काम करने में मदद मिल सकती है। फाइबर रखता है पाचन को दुरुस्त फाइबर को अध्ययनों में पाचन तंत्र के लिए बेहद जरूरी बताया गया है।

यह मल को मुलायम बनाने में मदद करता है, जिससे कब्ज की समस्या दूर होती है और मल त्याग को नियमित रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा फाइबर आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया के लिए भोजन का काम भी करता है। फाइबर के लिए डाइट में ओट्स, साबुत अनाज, दालें, चना-राजमा और फलों को शामिल किया जा सकता है।

इसके अलावा चिया सीड्स, अलसी और बादाम से भी शरीर के लिए जरूरी फाइबर की पूर्ति हो जाती है। फर्मेंटेड फूड्स को बनाएं डाइट का हिस्सा फर्मेंटेड फूड्स ऐसे खाद्य पदार्थ होते हैं, जिन्हें बनाने में सूक्ष्मजीवों की मदद से फर्मेंटेशन की प्रक्रिया होती है। दही, छाछ, इडली-डोसा जैसी चीजें फर्मेंटेड होती हैं।

इनमें मौजूद सूक्ष्मजीव और फर्मेंटेशन से बनने वाले तत्व आंतों के माइक्रोबायोम के लिए लाभकारी हो सकते हैं। रोजाना खाने में ताजा दही या छाछ शामिल कर सकते हैं। इडली और डोसा जैसे फर्मेंटेड खाद्य पदार्थ भी खा सकते हैं। हालांकि फर्मेंटेड फूड्स चुनते समय उनमें नमक और चीनी की मात्रा का ध्यान रखें।

फास्टिंग का भी रखें ध्यान 3F फॉर्मूले में फास्टिंग पर ध्यान देना भी जरूरी है। इसका मतलब है कि दिनभर खाते रहने के बजाय भोजन के बीच पर्याप्त समय का अंतर रखें। रात में देर से खाना और बार-बार स्नैकिंग करने से बचना भी पाचन को ठीक रखने में आपके लिए मददगार हो सकता है।

सोने से कुछ घंटे पहले डिनर की आदत बनाएं इसके अलावा देर रात अनावश्यक स्नैकिंग से बचें। रोज एक ही समय पर भोजन करें। पर्याप्त नींद लें और अपनी दिनचर्या नियमित रखें। -------------- नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है। अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं।

लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है।

उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।