क्या विलेन का किरदार करना चाहेंगे पिट? पिट से यह भी पूछा गया कि क्या वे किसी जेम्स बॉन्ड फिल्म में विलेन का किरदार निभाना चाहेंगे। अभिनेता ने कहा कि वे इस विचार के लिए तैयार हैं और उन्होंने 2012 की बॉन्ड फिल्म 'स्काईफॉल' में विलेन के रूप में जेवियर बार्डेम के अभिनय का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, 'हां मैं ऐसा करना चाहूंगा। मेरे दोस्त जेवियर (बार्डेम) ने इसे बहुत अच्छे से निभाया था। यह एक बड़ी चुनौती है, मगर मैं इसे जरूर स्वीकार करूंगा।' कौन है अगला जेम्स बॉन्ड? सोमवार शाम को रॉबर्ट पैटिनसन को अगले जेम्स बॉन्ड के रूप में घोषित किया गया।
इस घोषणा के बाद, ब्रिटिश अभिनेता ने इस मौके को सपना सच होने जैसा बताया। वैरायटी के अनुसार पैटिनसन ने एक बयान में कहा, 'जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे शानदार किरदारों में से एक है। यह किरदार मिलना जीवन भर के लिए एक बड़ा सम्मान है। मैं डेनिस, एमी, डेविड, तान्या और अमेजन MGM स्टूडियो की पूरी टीम का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।
इस रोल को सिर्फ 'सपना सच होना' कहना भी कम होगा। मैं इस साझेदारी और इस बेहतरीन टीम के साथ आगे काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।' डैनियल क्रेग का वर्कफ्रंट रॉबर्ट पैटिनसन डैनियल क्रेग की जगह लेंगे, जिन्होंने 2006 से 2021 के बीच पांच फिल्मों में इस मशहूर जासूस का किरदार निभाया था।
बॉन्ड के रूप में क्रेग की आखिरी फिल्म 'नो टाइम टू डाई' थी, जिसका निर्देशन कैरी जोजी फुकुनागा ने किया था। अपकमिंग बॉन्ड फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूवे करेंगे, जबकि इसकी पटकथा स्टीवन नाइट ने लिखी है। कब रिलीज होगी 'द फर्दर मिस-एडवेंचर्स ऑफ क्लिफ बूथ'?
इस बीच ब्रैड पिट की फिल्म 'द फर्दर मिस-एडवेंचर्स ऑफ क्लिफ बूथ' 25 नवंबर को विशेष रूप से IMAX में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म क्वेंटिन टारनटिनो की 'वन्स अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड' का सीक्वल है। इसका निर्देशन डेविड फिंचर ने किया है।
जॉर्ज लेजेनबी ने दी रॉबर्ट को बधाई जेम्स बॉन्ड का किरदार निभा चुके पूर्व अभिनेता जॉर्ज लेजेनबी ने रॉबर्ट पैटिनसन को बधाई दी है। जॉर्ज लेजेनबी जेम्स बॉन्ड का रोल निभाने वाले सबसे उम्रदराज अभिनेता हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पैटिनसन के लिए एक वीडियो संदेश साझा किया।
इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'सुना है कि उन्होंने नए जेम्स बॉन्ड की घोषणा कर दी है। रॉबर्ट, दुनिया के सबसे खास क्लब में तुम्हारा स्वागत है। लेकिन मजे करना मत भूलना। देखते हैं कि क्या तुम्हारे साथ भी कभी ऐसा पल आता है, जैसा कि कहा जाता है- ऐसा तो उस दूसरे वाले के साथ कभी नहीं हुआ था।
ढेर सारी शुभकामनाएं दोस्त।'