ऋतुराज गायकवाड़ ने धोनी के लिए क्या लिखा? ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सादगी। मुझे इस शब्द का सही मतलब तब समझ आया, जब मैं 2019 में पहली बार सीएसके से जुड़ा था। इतने वर्षों में आपने जो भी उपलब्धियां हासिल कीं, उसके बावजूद मैंने आपसे सबसे बड़ा सबक यही सीखा।' उन्होंने आगे लिखा, 'ड्रेसिंग रूम, मैदान और 22 गज की पिच साझा करना और आपके साथ मैच खत्म करना किसी सपने के सच होने जैसा है।

आप हमारे थाला हैं और हमेशा रहेंगे। हमारे कप्तान और हमारे लीडर। हर चीज के लिए शुक्रिया, माही भाई।' ऋतुराज के इस संदेश से साफ है कि धोनी का उनके क्रिकेट करियर और व्यक्तित्व पर कितना प्रभाव रहा है। View this post on Instagram A post shared by Ruturaj Gaikwad (@ruutu.131) सीएसके ने भी धोनी के योगदान को किया याद ऋतुराज की पोस्ट पर चेन्नई सुपर किंग्स ने भी प्रतिक्रिया दी।

फ्रेंचाइजी ने धोनी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका प्रभाव सिर्फ बनाए गए रनों, जीती गई ट्रॉफियों और मैच खत्म करने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रिकेट के मैदान से कहीं आगे तक जाता है। सीएसके ने कमेंट में लिखा, 'शायद थाला के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि उनका प्रभाव कभी उनके बनाए रनों, उठाई गई ट्रॉफियों या खत्म किए गए मैचों तक ही सीमित नहीं रहा।

यह क्रिकेट के मैदान से कहीं आगे तक जाता है। यह उन लोगों में है जिन्हें वह प्रेरित करते हैं, उन आदर्शों में जो वह सिखाते हैं और उन सबक में जो वह पीछे छोड़ जाते हैं, अक्सर बिना कुछ कहे भी।' फ्रेंचाइजी ने आगे लिखा कि कुछ विरासत उपलब्धियों से मापी जाती हैं, जबकि कुछ उन जिंदगियों से जिन्हें वे छूती हैं।

थाला इन दोनों ही मामलों में खास हैं। 2024 में धोनी से मिली थी ऋतुराज को कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल 2024 सीजन से पहले एमएस धोनी से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाली थी। हालांकि, आईपीएल 2025 के दौरान कोहनी की चोट के कारण उनका अभियान प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए धोनी ने फिर से टीम की कमान संभाली।

इसके बाद ऋतुराज ने 2026 में दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। फ्रेंचाइजी और धोनी के कोर मैनेजमेंट का उन्हें आगामी आईपीएल सीजन में भी कप्तान बनाए रखने के लिए समर्थन हासिल है। आईपीएल 2027 में मेंटॉर की भूमिका निभाएंगे धोनी चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को आईपीएल 2027 के लिए अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी की।

इस दौरान फ्रेंचाइजी ने जानकारी दी कि एमएस धोनी ने अपना आईपीएल खेलने का करियर समाप्त करने का फैसला किया है। हालांकि, वह टीम के साथ मेंटॉर के तौर पर जुड़े रहेंगे। धोनी के इस फैसले के साथ ही उनके 19 साल के शानदार आईपीएल करियर का अंत हो गया है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को कई यादगार सफलताएं दिलाईं और टीम को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

अब मैदान पर खिलाड़ी के रूप में उनकी जगह भले ही कोई और ले, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स में उनका प्रभाव बरकरार रहने वाला है।