आईएसआई से है शहजाद का जुड़ाव सुखराज का जुड़ाव जिस अजमल गुर्जर से है, उसका आका शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला है। कुख्यात गैंगस्टर भट्टी आईएसआई के नेटवर्क में शामिल हो गया है। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के इशारे पर भारत में पहले भी हमले करा चुका है।
वह जालंधर में ग्रेनेड हमला और अंबाला व सिरसा के पुलिस थानों में भी हमले करा चुका है। ऐसे में वह बरेली, रामपुर और पीलीभीत के युवकों से किस मकसद से जुड़ा था, इसकी जांच हो रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बहेड़ी के सुखराज व पीलीभीत के जसनूर के हाथ पर एक जैसे टैटू बने हैं।
इस पर लिखा है- ट्रस्ट नो वन, यानी किसी पर भरोसा मत करो। पूछताछ में उन्होंने इस टैटू को बनवाने की कोई खास वजह नहीं बताई। कहा कि यूं ही गुदवा लिए हैं। हालांकि पुलिस इसे हर संभावित पहलू से जांच-परख रही है। शहजाद भट्टी व अजमल के गैंग के काम करने के तरीकों और उनमें युवाओं के इस्तेमाल का भी अध्ययन किया जा रहा है।
मौके से भागे आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। सर्विलांस टीम को आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और पाकिस्तानी कनेक्शन की कड़ियां खंगालने का काम सौंपा गया है।
एसएसपी सोमवार को बहेड़ी थाने पहुंचे। वहां उन्होंने बताया कि सुखराज उर्फ सुख्खा समेत चारों आरोपियों के पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़ने के मामले की गहन जांच की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। माके से भागे दो आरोपियों गुरसेवक और अनस पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पचपेड़ा गांव में घर-घर होगा सत्यापन एसएसपी ने बताया कि एक आरोपी पचपेड़ा गांव का निवासी है। पुलिस 10 साल में गांव में आकर बसे सभी लोगों का सत्यापन करेगी। उनके आधार कार्ड, मूल निवास और वर्तमान गतिविधियों की पूरी जानकारी खंगाली जाएगी। कई लोगों ने यहां आकर आधार कार्ड बनवाए हैं, उनका बैकग्राउंड चेक किया जाएगा।
एलआईयू और स्थानीय पुलिस को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।