'बस जीतते रहना है' कार्यक्रम के दौरान होस्ट ने गिल से पूछा कि भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता और कप्तान पर रहने वाले दबाव को देखते हुए क्या भारतीय टीम की कप्तानी भी प्रधानमंत्री पद जितनी चुनौतीपूर्ण है? इस सवाल से पहले होस्ट ने न्यूजीलैंड में प्रचलित एक मजाक का जिक्र किया।

इसके मुताबिक, देश में सबसे ज्यादा दबाव प्रधानमंत्री के पद पर नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड की मशहूर रग्बी टीम ऑल ब्लैक्स के कप्तान पर होता है। इसी संदर्भ में जब गिल से भारतीय क्रिकेट की स्थिति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, 'ज्यादा कुछ नहीं, बस जीतते रहना है।' उनके इस हल्के-फुल्के जवाब ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया।

पूर्व कप्तानों की विरासत का दबाव महसूस नहीं करते गिल शुभमन गिल से भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने के बाद महान पूर्व कप्तानों की विरासत और उनसे जुड़ी उम्मीदों को लेकर भी सवाल किया गया। गिल ने 2025 में रोहित शर्मा के बाद भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी।

हालांकि, उनका कहना है कि वह पूर्व कप्तानों की उपलब्धियों और विरासत को अपने ऊपर दबाव के रूप में नहीं देखते। गिल ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मैं उम्मीदों का कोई बोझ महसूस करता हूं। उन्होंने हमारे लिए रास्ता बनाया है और अब हमारी बारी है कि हम उस रास्ते पर चलें और उनके अनुभवों से सीखें।' विराट, रोहित और गंभीर के अनुभव से मिलती है मदद गिल ने टीम के सीनियर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के अनुभव को भी काफी अहम बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम भाग्यशाली है कि उसके पास विराट कोहली, रोहित शर्मा और मुख्य कोच गौतम गंभीर जैसे अनुभवी लोग मौजूद हैं। गिल के मुताबिक, इन खिलाड़ियों ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में क्रिकेट खेला है और शानदार सफलता हासिल की है। उनके अनुभवों से टीम को काफी कुछ सीखने को मिलता है।

न्यूजीलैंड में कॉफी और सैर का आनंद ले रहे भारतीय खिलाड़ी क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम के बीच गिल ने न्यूजीलैंड में खिलाड़ियों को मिलने वाले सुकून का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि टीम के कई खिलाड़ी न्यूजीलैंड में कैफे जाना, कॉफी पीना और सैर करना पसंद करते हैं।

यहां खिलाड़ियों को ज्यादा भीड़ या प्रशंसकों की भीड़ का सामना नहीं करना पड़ता, जिससे उन्हें थोड़ा आराम और निजी समय मिल जाता है। 19 नवंबर से शुरू होगी भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की चुनौती के लिए तैयार है।

सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में होगा। इस सीरीज में भारतीय टीम के सामने न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजी के अनुकूल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी। चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है टीम इंडिया पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के विकल्प पर विचार कर रही है।

जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है। तेज गेंदबाजी के अन्य विकल्पों में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज शामिल हैं। टीम एक विशेषज्ञ स्पिनर के साथ मैदान पर उतर सकती है। टेस्ट कप्तान के रूप में कैसा रहा है गिल का रिकॉर्ड?

टेस्ट कप्तानी संभालने के बाद शुभमन गिल ने अब तक 11 मुकाबलों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया है। इनमें भारत को 6 मैचों में जीत मिली, जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा। 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी।

इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत ने 2-0 से जीत दर्ज की। हालांकि, विदेशी दौरों पर टीम का प्रदर्शन चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज गिल की कप्तानी की एक और बड़ी परीक्षा होगी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए भी भारत के लिए इस सीरीज में जीत बेहद अहम होगी।